
पारसी फूड अपने विशेष स्वाद और महक के लिए जाने जाते है क्योंकि इसमें कई प्रकार के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। अलग-अलग मसाले एक साथ मिलकर पारसी खाने को अलग ही स्वाद देते हैं।
इसमें अदरक, लहसुन और प्याज को कुछ अलग तरीके से इस्तेमाल किया जाता है। आपको बता दें कि पारसी फूड मुंह में पानी ला देता है। इसमें ज्यादा मसाले और तेल का इस्तेमाल नहीं होता है।
यह पेट के लिए बहुत ही हल्का होता है। आइए हम आपको जल्दी से अकुरी रेसिपी बनाने के बारे में बता रहे हैं जिसका स्वाद आपको बेहद पसंद आएगा। यह ज्यादातर ब्रेकफास्ट के लिए बनाया जाता है। इसे ब्रेड टोस्ट और मसाला चाय के साथ सुबह खाया जाता है। इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च का प्रयोग किया जाता है जो इसके स्वाद को और भी बढ़ाता है।
पारसी अकुरी बनाने के लिए सामग्रीः
- अंडे-6
- प्याज- बारीक कटा 1
- टमाटर- बारीक कटा 1
- हरी मिर्च-बारीक कटी 2
- लहसुन-6 कली
- मक्खन-2 बड़े चम्मच
- क्रीम- 3 बड़े चम्मच
-
नमक- स्वादानुसार
- हरा धनिया- गार्निश के लिए
पारसी अकुरी बनाने का तरीकाः
पारसी अकुरी को बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर, प्याज और हरी मिर्च को बारीक काट लें। अब सारे अंडों को एक बाउल में तोड़ लें। फिर इसमें नमक और क्रीम डालकर अच्छी तरह से मिला लें। अब फ्राइंग पैन को गर्म करके उसमें मक्खन डालें। मक्खन गर्म होने के बाद इसमें लहसुन, हरी मिर्च और प्याज डालें।
प्याज को हल्का भूरा होने तक भूनें और फिर इसमें टमाटर डालकर पकाएं। फिर इसमें अंडे और क्रीम का मिश्रण डालकर 1 मिनट के लिए पका लें। सभी चीजों को अच्छी तरह से मिलाएं और फिर से इसे 1 मिनट के लिए पकाएं।
इसे आप अंडे की भुर्जी की तरह न पकाएं। यह सॉफ्ट होना चाहिए। गैस बंद करके इसे आप हरे धनिए से गर्निश कर परोसें।
source :- Raftaar